Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

नवजात की मौत पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका, निष्पक्ष जांच की मांग

गुरुदेव, राजनांदगांव : जिला अस्पताल बसंतपुर में नवजात शिशु की मौत के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने जोरदार प्रदर्शन करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का पुतला दहन किया और स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना

प्रदर्शन में प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा, युवा कांग्रेस नेता संदीप सोनी, ऋषि शास्त्री, हर्ष खोबरागड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने जिला अस्पताल के अधिकारी को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

“स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर विफलता” का आरोप

अभिमन्यु उदय मिश्रा ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में समय पर इलाज और जांच नहीं मिलने के कारण नवजात की जान गई। उन्होंने कहा कि ब्लड रिपोर्ट आने में हुई देरी से ऑपरेशन में विलंब हुआ, जो स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

वहीं संदीप सोनी ने कहा कि इससे पहले भी जिला अस्पताल से जुड़े मामलों में कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन लापरवाही की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

ऋषि शास्त्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हर्ष खोबरागड़े ने स्वास्थ्य मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की और कहा कि सरकार को अस्पतालों में डॉक्टर, स्टाफ, जांच और उपचार की व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए।

दोबारा घटना हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में जिला अस्पताल में लापरवाही के कारण ऐसी कोई घटना दोबारा होती है तो कांग्रेस युवा कार्यकर्ता बड़ा आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन करेंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की होगी।

कांग्रेस ने मांग की है कि नवजात की मौत के मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, ब्लड रिपोर्ट और ऑपरेशन में हुई देरी के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

Exit mobile version