Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

छुरिया में सड़क-बिजली बिल को लेकर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन प्रदर्शन, 15 दिन का दिया अल्टीमेटम

गुरुदेव देवांगन, छुरिया : क्षेत्र की जर्जर सड़कों, स्मार्ट मीटर के बढ़े बिजली बिल और महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने नगर पंचायत छुरिया में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नए बस स्टैंड से पैदल मार्च करते हुए पुराने बस स्टैंड पहुंचकर करीब एक घंटे तक चक्काजाम किया।

धरना प्रदर्शन में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव, खुज्जी विधायक भोलाराम साहू और पूर्व विधायक छन्नी साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने छुरिया-डोंगरगांव, बंजारी, चिचोला, भोलापुर और पांडेटोला सहित क्षेत्र की खराब सड़कों का मुद्दा उठाया। साथ ही स्मार्ट मीटर के बाद बिजली बिल में बढ़ोतरी और महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

विपिन यादव ने कहा कि छुरिया नगर पंचायत से लेकर प्रदेश तक भाजपा की सरकार होने के बावजूद क्षेत्र की सड़कें खराब हैं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। विधायक भोलाराम साहू ने भी क्षेत्र की सड़कों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए सरकार और प्रशासन पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। पूर्व विधायक छन्नी साहू ने कहा कि खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति को लेकर सरकार से सवाल किए जाने चाहिए।

चक्काजाम के दौरान नायब तहसीलदार गंगाधर राव, PWD इंजीनियर नीलकंठ लसेल, विद्युत विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर दिनेश कुमार चतुर्वेदी, डोंगरगढ़ SDOP केसरी नंदन नायक और छुरिया थाना प्रभारी अनुराग सोनवानी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की ओर से चर्चा और समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया।

15 दिन का अल्टीमेटम, नेशनल हाईवे पर चक्काजाम की चेतावनी

चक्काजाम स्थल पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के नहीं पहुंचने से कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई। जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव ने अधिकारियों को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में खराब सड़कों की मरम्मत और अन्य समस्याओं पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस नेशनल हाईवे पर चक्काजाम करेगी। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होने की बात कही।

Exit mobile version