कलेक्टर ने कोटमेर और जमनीपाली में बन रहे रीपा का निरीक्षण कर दिए निर्देश
कोरबा : ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने एवं ग्रामीणों को गांव में ही लघु उद्योग स्थापित करने की सुविधा प्रदान करने के लिए जिले में 10 रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर श्री संजीव झा ने आज विकासखण्ड करतला के ग्राम कोटमेर और जमनीपाली में निर्माणाधीन रीपा के कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने रीपा के अधोसंरचना कार्यों का अवलोकन कर रीपा निर्माण पश्चात् ग्रामीणों द्वारा संचालित किए जाने वाले औद्योगिक गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। साथ ही रीपा में लगने वाले औद्योगिक इकाईयों के कार्ययोजना और हितग्राहियों के चिन्हांकन के बारे में भी मौके पर मौजूद अधिकारियों से जानकारी ली। कलेक्टर श्री झा ने कोटमेर और जमनीपाली के रीपा में शेड निर्माण, बिजली कनेक्शन, पानी आपूर्ति, पहुंच मार्ग निर्माण और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी लेकर सभी कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने दोनों जगहों पर उच्च गुणवत्तापूर्ण शेड निर्माण एवं भवनों का अच्छे से रंगाई-पुताई करने के निर्देश दिए। उन्होंने रीपा में उच्च क्षमता के बिजली ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली कनेक्शन स्थापित करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री नूतन कंवर, जनपद पंचायत करतला के सीईओ श्री एम.एस. नागेश सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
