राजनांदगांव : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव में पत्रकारों के लिए आबंटित आवासीय भूखंड में आवश्यक विकास कार्यों हेतु एक करोड़ 80 लाख रुपए की राशि प्रदाय करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने निवास कार्यालय में प्रेस क्लब राजनांदगांव द्वारा आयोजित कार्यक्रम में यह घोषणा की।
उन्होंने कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब राजनांदगांव में 75 लाख रूपए की लागत से विस्तारित भवन का लोकार्पण करने सहित पत्रकार कॉलोनी का भूमिपूजन किया। साथ ही उन्होंने राजनांदगांव के 141 पत्रकारों को आवासीय भूमि दस्तावेज का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में पत्रकारों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं मिले, उनका तथा उनके परिजनों का जीवन सुगम हो ।
इसके लिए हमने राज्य में पत्रकारों के कल्याण के लिए हर जरूरी कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि एक पत्रकार का काम बहुत चुनौतीपूर्ण होता है। उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है कि आर्थिक कठिनाईयों का सामना करते हुए अपने परिजनों के प्रति भी अपने कर्तव्यों को पूरा करें। लोगों तक सूचनाएं पहुंचाने की भागमभाग में पत्रकार को अपने परिजनों के लिए समय पर जरूरी चीजों का इंतजाम करना भी कठिन हो जाता है।
कार्यक्रम को महापौर राजनांदगांव श्रीमती हेमा देशमुख, अध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव नवाज खान ने भी सम्बोधित किया और उनके द्वारा राज्य में पत्रकारों के कल्याण के लिए संचालित कार्यों की सराहना की गई। प्रेस क्लब के अध्यक्ष सचिन अग्रहरि ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जमीन आबंटन के कार्य के लिए तत्परता दिखाई। प्रेस क्लब से जब मदद के लिए आग्रह किया गया उन्होंने तुरंत सहायता की।
उन्होंने बुनियादी सुविधाओं के लिए राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब के संरक्षक जितेन्द्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष छत्तीसगढ़ युवा आयोग जितेंद्र मुदलियार, अध्यक्ष राजगामी सम्पदा न्यास राजनांदगांव श्री विवेक वासनिक, श्री आर.पी. सिंह, कलेक्टर डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम अरूण वर्मा, उप संचालक जनसम्पर्क डॉ. उषा किरण बड़ाईक, तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता सहित प्रेस क्लब राजनांदगांव के अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे ।
“छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़” के लिए राजनांदगांव से दीपक साहू
