Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

डाॅ. देवदास रचित छत्तीसगढी़ भजन पार्श्व गायिका अनुराधा पौडवाल के आवाज में

गरियाबंद : सुधि पाठकों एवं स्नेही जनों को नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाओं के साथ फिल्मी जगत के सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका पद्मश्री अनुराधा पौडवाल के सुमधुर आवाज में छत्तीसगढी़ भजन की रिकार्डिंग पंचम स्टुडियो मुम्बई में हुई । इस छत्तीसगढी़ भजन के बोल है – राजीव लोचन भगवान के, सुन लो अमर कहानी।

महिमा सब ला सुनावत हाबे, महानदी के पानी।। भगवान राजीव लोचन की यह गीतों भरी कहानी ऐतिहासिक और पौराणिक बिंदुओं पर आधारित एक नई रोचक रचना है। जिसे अनुराधा पौडवाल की सुरीली आवाज ने कर्णप्रिय बना दिया है। इस छत्तीसगढी़ भजन के रचनाकार है छत्तीसगढ़ राज्य के राष्ट्रपति पुरस्कृत प्रधानाध्यापक /साहित्यकार और श्री दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म अवार्ड विनर डाॅ मुन्ना लाल देवदास और संगीतकार जितेन्द्रीयम देवांगन ।

डाॅ देवदास छत्तीसगढ़ की लोक कला संस्कृति आदि को गीतों, भजनों और साहित्य सेवा के माध्यम से देश विदेश तक पहुंचाने हेतु निरंतर नये नये प्रयोग कर रहे हैं। जिसमें उनके हिन्दी भजन ” श्री राम की जननी कौशल्या की जन्मभूमि छत्तीसगढ़ है ” को विश्व विख्यात भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा जी ने आवाज दी है , जो अभी जनवरी 2023 में टी सीरीज में रिलीज होगी।

इसी प्रकार बालीवुड सिंगर ऐश्वर्या पंडित, किशन देवांगन , फागू तारक के आवाज में “हे कुलेश्वर महादेव” भजन टी सीरीज में 4 लाख से अधिक विवर पार कर चुके हैं। इसी कड़ी में आजादी के अमृत महोत्सव पर्व पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं सुंदर लाल शर्मा पर केन्द्रित छत्तीसगढी़ देशभक्ति गीत को इन्फ़्लुएंसर बुक आफ वर्ल्ड रिकॉर्ड मिल चुका है।

ऐसे ही छालीवुड के मशहूर गायक सुनील सोनी और विनीता धीवर के आवाज में कौशल्या माता की जस गाथा 2019 में, सुभद्रा कुंभकार और दीपशिखा के स्वर में राजिम माता की महिमा सुंदरानी यूट्यूब चैनल में चल रहा है। इसके अलावा डाॅ देवदास के अन्य प्रोजेक्ट पर भी कार्य चल रहे हैं। जो छत्तीसगढ़ वासियों के लिए गर्व की बात है ।

डाॅ देवदास ने अपने गीतों की रिकार्डिंग के बाद मुंबई में भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा जी और पार्श्व गायिका पद्मश्री अनुराधा पौडवाल जी को अपनी अनमोल कृति ‘ छत्तीसगढ़ की बेटी कौशल्या ‘ पत्रिका की एक – एक प्रति भेंट की। संयोग की बात है कि पत्रिका के साथ साथ उन्होंने भगवान राजीव लोचन की अटिका प्रसाद भी दिए और अनुराधा पौडवाल जी उस दिन उपवास थीं।

इस अवसर पर सुपर स्टार अमिताभ बच्चन के लिए अपनी आवाज देने वाले पार्श्व गायक सुदेश भोसले जी भी उपस्थित थे। उन्होंने गीत गाकर छत्तीसगढ़ वासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इसी तारतम्य में छत्तीसगढ़ के विभिन्न शैक्षिक , साहित्यिक,सामाजिक,धार्मिक संस्थाओं , जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्घ जनों की ओर से डाॅ देवदास को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही है।

Exit mobile version