Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

दंतेवाड़ा ; राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत दुकानों पर चालानी कार्रवाई

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत दुकानों पर चालानी कार्रवाई

राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत दुकानों पर चालानी कार्रवाई
11 दुकानों से 1400 रुपये का चालान, तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन नहीं करने की दी समझाइश

दंतेवाड़ा(छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़), 01 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके के मार्गदर्शन में जिले में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं विज्ञापन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद (विज्ञापन का प्रतिषेध तथा व्यापार और वाणिज्य, उत्पादन, आपूर्ति एवं वितरण विनियमन) अधिनियम, 2003 के प्रावधानों के क्रियान्वयन हेतु गठित टीम द्वारा विकासखंड दंतेवाड़ा में विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित सिगरेट एवं तंबाकू उत्पादों के विक्रय तथा संबंधित नियमों के उल्लंघन के मामलों में 11 दुकानों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 1400 रुपये का चालान किया गया। टीम द्वारा दुकान संचालकों को तंबाकू उत्पादों का विज्ञापन नहीं करने तथा अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने के संबंध में आवश्यक समझाइश भी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों को देखते हुए जिले में तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से चालानी कार्रवाई जारी रहेगी। चालानी कार्रवाई के दौरान जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. अमन सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर सौरभ जैन, जिला सलाहकार, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम अंकित सिंह, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली धनंजय सिन्हा सहित दंतेवाड़ा थाना पुलिस का दल मौजूद रहा।

Exit mobile version