Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

ग्राम कोलियारी में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिलीं सभापति मोनिका ऋषभ देवांगन

ग्राम कोलियारी में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिलीं सभापति मोनिका ऋषभ देवांगन

ग्राम कोलियारी में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिलीं सभापति मोनिका ऋषभ देवांगन, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

धमतरी। जिले में लगातार हुई भीषण बारिश के कारण गंगरेल बांध का जलस्तर बढ़ने तथा बांध के सभी गेट खोले जाने से महानदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। इसके चलते ग्राम कोलियारी में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कुछ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रूप से बाढ़ एवं आपदा सुरक्षा के लिए निर्मित भवन में ठहराया गया है।

इस दौरान जिला पंचायत धमतरी की सभापति श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए उनके रहने, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित आवास से संबंधित आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों से समन्वय की बात कही।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संबलपुर का औचक निरीक्षण

श्रीमती देवांगन ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़े हैं। प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।

उन्होंने प्रभावित परिवारों से अपील की कि रहने, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य अथवा किसी अन्य आवश्यक सुविधा से संबंधित कोई समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल प्रशासन अथवा जनप्रतिनिधियों को फोन के माध्यम से सूचना दें, ताकि समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

सभापति श्रीमती देवांगन ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों एवं स्थानीय स्तर के कार्यकर्ताओं से भी सजग रहते हुए जरूरतमंद परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय सभी को मिलकर प्रभावित परिवारों का सहयोग करना चाहिए, ताकि उन्हें इस कठिन परिस्थिति में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Exit mobile version