रायपुर : राम मंदिर के उद्घाटन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं अयोध्या में अनुष्ठान का दौरा लगातार जारी है। सोमवार 22 जनवरी को रामलला भव्य मंदिर अयोध्या में विराजमान होंगे। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य में भी बहुत उत्साह है। छत्तीसगढ़ में भी कई धार्मिक समारोह और कार्यक्रम हो रहे हैं। इसके तहत अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के दिन छत्तीसगढ़ राज्य में मांस-मछली बेचने पर बैन रहेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को उत्सव के रूप में मनाने का ऐलान कर दिया है। इसके तहत शैक्षणिक संस्थानों सहित अन्य प्रतिष्ठानों में आधे दिन के अवकाश की घोषणा की है। छत्तीसगढ़ में दोपहर 2.30 बजे तक सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इससे प्रदेशवासी भी रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आनंद ले सकें और उत्सव मना सकें।
प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने आदेश जारी कर कहा कि, लोगों की आस्था को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य में 22 जनवरी को पशुवध और मांस की बिक्री प्रतिबंधित रहेगा। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर छत्तीसगढ़ में भी उत्सव का माहौल है और लोग इसे लेकर श्रद्धा और उत्साह से भरे हुए हैं।
