गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही: गौरेला के अमरकंटक चौक के पास सड़क पर जन्मदिन का आयोजन कर यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे ‘सिद्धू’ समेत तीन नामजद लोगों और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
सड़क के बीच बनाया गया था मंच
पुलिस के मुताबिक, घटना 18 सितंबर 2026 की है। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही भाजयुमो के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे ‘सिद्धू’ के जन्मदिन के मौके पर अमरकंटक चौक के पास सड़क पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आयोजन के लिए सड़क पर मंच तैयार किए जाने और ढोल-ताशे के साथ लोगों की भीड़ जुटने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित होने की बात सामने आई है।
इस दौरान सड़क से गुजरने वाले कार और बाइक चालकों को कथित तौर पर जाम का सामना करना पड़ा। आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद गौरेला पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लिया। पुलिस ने वायरल वीडियो और उपलब्ध जानकारी के आधार पर मुख्य आयोजनकर्ता सिद्धार्थ दुबे ‘सिद्धू’, मौसम ताम्रकार और ऋतुराज अग्रवाल सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 285 और धारा 3(5) के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, धारा 285 सार्वजनिक मार्ग में बाधा या खतरा उत्पन्न करने से संबंधित है, जबकि धारा 3(5) सामान्य आशय से कई व्यक्तियों द्वारा किए गए कृत्य से संबंधित है।
पुलिस ने दिया सख्त संदेश
गौरेला पुलिस प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति भीड़ जुटाने, यातायात बाधित करने या आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा प्रभावित करने वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कानून सभी के लिए समान है।
फिलहाल मामले की वैधानिक विवेचना जारी है। FIR में नामजद लोगों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
