Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक, कई अहम निर्णय


रायपुर _ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

1. शहीद एएसपी की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति

सुकमा जिले में 09 जून 2025 को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बम विस्फोट में शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपूंजे की वीरता और बलिदान को सम्मानित करते हुए, उनकी पत्नी श्रीमती स्नेहा गिरेपूंजे को राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने का निर्णय लिया गया।

2. सौर ऊर्जा नीति में संशोधन

राज्य की सौर ऊर्जा नीति में आवश्यक संशोधन कर इसे 2030 तक लागू रखने का फैसला किया गया है। नई व्यवस्था के तहत:

सौर ऊर्जा परियोजनाओं को अब राज्य की औद्योगिक नीति में प्राथमिकता उद्योग का दर्जा मिलेगा।

निवेशकों को ब्याज अनुदान, पूंजी लागत पर अनुदान, जीएसटी प्रतिपूर्ति, बिजली शुल्क व स्टाम्प शुल्क में छूट, भूमि उपयोग परिवर्तन शुल्क में छूट सहित कई रियायतें मिलेंगी।

भूमि बैंक से जमीन लेने पर रियायतें, SC/ST, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक और तृतीय लिंग उद्यमियों को जमीन के प्रीमियम में छूट का प्रावधान होगा।

दिव्यांगों को रोजगार देने पर अनुदान तथा मेगा व अल्ट्रा मेगा परियोजनाओं के लिए विशेष पैकेज की सुविधा दी जाएगी।

3. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग अध्यक्ष की नियुक्ति

सुश्री रीता शांडिल्य, जो वर्तमान में लोक सेवा आयोग की सदस्य एवं कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं, को लोक सेवा आयोग (PSC) के अध्यक्ष पद पर नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।

4. वरिष्ठ मीडिया कर्मी सम्मान निधि में बढ़ोतरी

छत्तीसगढ़ वरिष्ठ मीडिया कर्मी सम्मान निधि के तहत सेवानिवृत्त पत्रकारों को दी जाने वाली सम्मान राशि को 10 हजार रुपए प्रतिमाह से बढ़ाकर 20 हजार रुपए प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया। इसकी घोषणा वर्ष 2025-26 के बजट में की गई थी।

Exit mobile version