दुर्ग: (BSP) भिलाई स्टील प्लांट के कोकोवन डिपार्टमेंट में आज सुबह 6 बजे आग लगने से प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना से भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन को करोड़ों का नुकसान हुआ है। बीएसपी के दमकल कर्मियों ने 5 गाड़ी पानी की मदद से लगभग 3 घंटे की मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण किया। फिलहाल इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। वहीं बीएसपी प्रबंधन हमेशा की तरह इस घटना को छुपाने में लगा रहा। बता दें कि हाल ही में भिलाई स्टील प्लांट में फिर आग लगी थी, जिसमें बीएसपी को लाखों का नुकसान हुआ था।
बताया जा रहा है कि कोकोवन बैटरी के 9 और 10 के पीछे कन्वेयर बेल्ट नम्बर 4 में आग लगी थी, जिससे बेल्ट लगभग 70 से 80 मीटर बेल्ट जल गया। बेल्ट को घुमाने के लिए लगे मशीन और केबल भी पूरी तरह जलकर खाक हो गए। विभाग के सूत्रों ने बताया कि कोकोवन बैटरी में कोयले के जलने के दौरान उसे ठंडा करने के पश्चात उसमें नेप्था लिक्विड का छिड़काव किया जाता है। जिसके बाद उसे कन्वेयर बेल्ट में पावडर बनाने के लिए दूसरे डिपार्टमेंट में ले जाया जाता है। उसी दौरान कोयले में लगी आग से यह आग लगी है। इसमें नाइट शिफ्ट ड्यूटी वाले कर्मचारी की लापरवाही मानी जा रही है, क्योंकि जब बेल्ट पूरी तरह जलकर खाक हो गया तब जाकर दमकल को इसकी सूचना दी गई, जबकि आग को बढ़ने में 2 से 3 घंटो का समय लगा होगा।
