Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

बसंतपुर पुलिस ने चाकू और अवैध शराब मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव : जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बसंतपुर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार बटनदार चाकू लहराकर लोगों को भयभीत करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं, अवैध रूप से देशी शराब बेचने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराने वाला युवक गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर धारदार बटनदार चाकू लेकर उसे लहरा रहा है और आम लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर प्रिंस उर्फ अर्जुन गिरी (19 वर्ष), निवासी स्टेशनपारा, राजनांदगांव को पकड़ा।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार बटनदार चाकू बरामद कर जब्त किया। मामले में अपराध क्रमांक 375/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया गया।

25 पौवा देशी शराब के साथ शराब कोचिया गिरफ्तार

इसी दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर बसंतपुर पुलिस ने अवैध रूप से शराब बिक्री के मामले में सूरज यादव (60 वर्ष), निवासी यादवपारा नंदई को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 25 पौवा देशी शराब, जिसकी कुल मात्रा 4.500 बल्क लीटर, तथा शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये बरामद किए गए।

मामले में अपराध क्रमांक 376/2026 के तहत धारा 34(ए) आबकारी एक्ट में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध शराब बिक्री, असामाजिक गतिविधियों और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, उप निरीक्षक इब्राहिम खान, प्रशिक्षु उप निरीक्षक राजीव चन्द्रा, प्रधान आरक्षक किशोर यादव, आरक्षक अतहर अली, जामिन्द्र वर्मा सहित थाना बसंतपुर पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version