Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

बैगा ने किया नाबालिक के साथ दुष्कर्म, आरोपी हुआ गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला !

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ राज्य के रायगढ़ जिला में एक बैगा ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। स्वास्थ्य खराब होने पर उसे ठीक करने के बहाने रेप किया गया। पूजा-पाठ के बाद पूजा सामग्री को छोड़ने के बहाने बैगा किसी उसे सूनसान जगह में ले गया था। यह मामला तमनार पुलिस थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 14 वर्षीय नाबालिग की तबीयत कुछ समय से खराब चल रही थी। परिजन इलाज की जगह उसे गांव के बैगा से पूजा-पाठ करवाना चाहते थे। इस पर उन्होंने गोढ़ी गांव के निवासी त्रिभुवन अगरिया नामक बैगा को संपर्क किया।

 

बैगा से संपर्क करने पर उसने पूजापाठ करने की बात कही। जिस पर परिजन भी तैयार हो गए, रविवार के दिन शाम को लगभग 7 बजे त्रिभुवन अगरिया पीड़िता के घर में पहुंचा। उसने घर में काफी देर तक पूजा-पाठ की। जिस दौरान उसने पत्ते के दो दोने (पत्तल) में कुछ पूजा सामग्री रखी थी। पूजा-पाठ के बाद पूजा सामग्री नाबालिग को सौंपते हुए उसने यह कहा कि इसे घर से दूर अमाबोरिया इलाके में रखना है। दोनों पत्तल को अलग-अलग जगहों पर रखना। आरोपी त्रिभुवन अगरिया ने परिजनों को यह कहा कि उन्हें घर पर रुकना होगा।

 

इसके बाद नाबालिग के साथ बैगा अकेला बाहर चला गया। जब लड़की पूजा सामग्री रखकर वापस लौट रही थी, तभी सुनसान जगह देखकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। काफी देर तक जब नाबालिग घर वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को उसकी चिंता हुई और वे उसकी तलाश में निकल पड़े। थोड़ी दूर जाने पर उन्हें बैगा त्रिभुवन अगरिया संदिग्ध हालत में दिखाई दिया, परिजनों को देखते ही वो मौके से फरार हो गया। जिसके बाद लड़की घर लौटी, तब उसने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी परिजन को दी।

 

घटना की सूचना पर पीड़िता के परिजन अगले दिन तमनार पुलिस थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। तमनार पुलिस थाना प्रभारी आशीर्वाद राहटगांवकर ने यह बताया कि, पीड़िता के बयान और इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो समेत कई धाराओं में यह मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी फरार होने की फिराक में था, जिसके पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा, आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version