विधायक रोहित साहू ने शासन को दिया धन्यवाद
गरियाबंद । राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के निरंतर प्रयास का सार्थक परिणाम एक बार फिर जिले वासियों के लिये नई सौगात लेकर आया है। जिले के स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण करते हुये छग शासन द्वारा गरियाबंद के नवीन जिला चिकित्सालय भवन के निर्माण हेतु 18 करोड़ रूपये राशि स्कीकृति प्रदान की है।
राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के लगातार प्रयासों से 100 बिस्तर हॉस्पिटल का निर्माण जिला मुख्यालय में किया जायेगा। जिसकी स्वीकृति शासन से प्राप्त हो चुकी है, इस बाबत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छ.ग. शासन द्वारा स्वीकृति पत्र भी जारी कर दिया गया है।
शीघ्र ही शासकीय प्रक्रियाओं का पालन करते हुये नवीन जिला चिकित्सालय भवन के निर्माण का रास्ता तय होगा, आने वाले समय में जिले के निवासियों को सर्वसुविधायुक्त नवीन जिला चिकित्सालय का लाभ मिलने लगेगा।
विधायक रोहित साहू ने जिलेवासियों की ओर से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार प्रकट किया है। इस अवसर पर हर्ष व्यक्त करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि आज 100 बिस्तर अस्पताल नवीन जिला चिकित्सालय की स्वीकृति मिलना जिले के लिये बड़ी उपलब्धि है,साथ ही हमारी सरकार की ओर से जिले वासियों के लिये नई सौगात भी है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जनस्वास्थ्य के लिये समर्पित होकर कार्य कर रही है, अब आगामी दिनों में यह 100 बिस्तर अस्पताल लोगों को उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करते हुये जनस्वास्थ्य की पूर्ति करेगा, आने वाले समय में हम इसमें और भी अधिक सुविधाएं प्रदान करने का प्रयास करेंगे ताकि जिले की जनता को इलाज के लिये कहीं बाहर न जाना पड़े।
