Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

राजिम-छुरा मुख्य जिला मार्ग के लिये 145.62 करोड़ की स्वीकृति

43.5 किमी का होगा चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति के संबंध में जारी किया परिपत्र..

गरियाबंद। राज्य शासन ने गरियाबंद जिले के राजिम से छुरा मुख्य जिला मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिये 145 करोड़ 62 लाख रुपए स्वीकृत किये हैं। इस राशि से 43.5 किमी लंबे इस मार्ग को चौड़ा और सुदृढ़ किया जायेगा।

उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन द्वारा मंत्रालय से आज राशि स्वीकृति के संबंध में प्रमुख अभियंता को परिपत्र जारी कर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री साव ने कार्य में प्रयुक्त की जाने वाली सामग्रियों एवं संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिये हैं। किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर उत्तरदायित्व का निर्धारण करते हुये नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।

लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को कार्य की निविदा समय-सीमा में करने, निर्माण कार्य प्राक्कलन व कार्य संपादित करने में मितव्ययिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये हैं। विभाग ने निर्माण एजेंसी से अनुबंधित समय-सीमा में काम पूर्ण किया जाना सुनिश्चित कराने को कहा है। कार्य पूर्ण किये जाने के लिये अनावश्यक समय-सीमा वृद्धि नहीं किये जाने के भी निर्देश विभाग ने दिये हैं।

अपरिहार्य एवं नियंत्रण से बाहर मान्य कारणों के आधार पर ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा में वृद्धि की जा सकेगी।

Exit mobile version