Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

खुला एक और फास्ट ट्रैक कोर्ट, त्वरित न्याय की दिशा में बड़ा कदम

अंबागढ़ : सुदूर पहाड़ी वनांचल में स्थित अंबागढ़ चौकी में 29 मार्च 2025 को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा ने जिला एवं अपर न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट) का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस शुभ अवसर पर पोर्टफोलियो न्यायाधीश राजनांदगांव न्यायमूर्ति संजय एस. अग्रवाल वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे। इस शुभ अवसर पर मुख्य न्यायाधिपति रमेश सिन्हा ने यह कहा कि अंबागढ़ चौकी प्राकृतिक सौंदर्य एवं संसाधन से परिपूर्ण वनांचल क्षेत्र है, अंबागढ़ चौकी के क्षेत्र के निवासियों को न्याय पाने के लिए जिला मुख्यालय राजनांदगांव तक 100 से 150 किलोमीटर तक लंबा रास्ता तय करना पड़ता था, जिसको ध्यान में रखते हुए अंबागढ़ चौकी में जिला एवं अपर न्यायाधीष न्यायालय का शुभारंभ होने के बाद सुदूर वनांचल के पक्षकारों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों व अधिवक्ताओं के लिए न्याय सुलभ प्राप्त हो सकेगा। मुख्य न्यायाधिपति ने यह कहा कि अंबागढ़ चौकी में फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना समय की जरूरत थी, न्यायालय के प्रारंभ होने से सुदूर वन क्षेत्रों के उन निवासियों को अत्यंत सुविधा होगी, जो 100 से 150 किलोमीटर दूर से अपने प्रकरणों की सुनवाई के लिए जिला राजनांदगांव में जाते थे, और अधिक समय हो जाने से उनकी वापसी बेहद मुश्किल हो जाती थी। मुख्य न्यायाधिपति के द्वारा इस शुभ अवसर पर न्यायालय में पदस्थ किए गए न्यायाधीश एवं न्यायालय के कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने न्यायिक कार्य एवं व्यवहार से क्षेत्र के निवासी, पक्षकार एवं अधिवक्तागण की अपेक्षाओं की पूर्ति करने हेतु शीघ्र एवं सुलभ न्याय प्राप्त करने के लिए सहायक होंगे।

Exit mobile version