Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

किरंदुल में हुआ आंगन मिलन कार्यक्रम, 5 बच्चों का अन्नप्राशन और 18 गर्भवती माताओं की गोद भराई, पोषण जागरूकता को दिया बढ़ावा

किरंदुल में हुआ आंगन मिलन कार्यक्रम, 5 बच्चों का अन्नप्राशन और 18 गर्भवती माताओं की गोद भराई, पोषण जागरूकता को दिया बढ़ावा

दंतेवाड़ा, 05 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एकीकृत बाल विकास परियोजना किरंदुल एवं नगर पालिका परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में विधायक श्री चैतराम अटामी उपस्थित रहे। इस अवसर पर किरंदुल क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र के पांच बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। वहीं 18 गर्भवती माताओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। इस दौरान गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में व्यंजन प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों से तैयार विभिन्न व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। विभागीय अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उपस्थित महिलाओं को संतुलित आहार, गर्भावस्था के दौरान आवश्यक पोषण, बच्चों के पूरक आहार तथा नियमित स्वास्थ्य देखभाल के संबंध में जानकारी दी।

आंगन मिलन कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ते हुए बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में जनभागीदारी को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से परिवार एवं समुदाय की सहभागिता के साथ स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

Exit mobile version