Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

सागौन तस्करी के विरुद्ध कार्यवाही : छत्तीसगढ़-ओडिशा की संयुक्त टीम की दबिश, महिला रेंजर व वन रक्षकों की अहम भूमिका

गरियाबंद। उदंती सीतानदी टाइगर रिज़र्व की एंटी पोचिंग यूनिट ने सागौन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुये ओडिशा के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह सफलता छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस तथा वन विभाग की संयुक्त टीम के प्रयासों से मिली है।

मिली जानकारी के अनुसार, रिज़र्व फॉरेस्ट की टीम को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि ओडिशा के नवरंगपुर जिले के ग्राम फुटानाड़ा और बुड्रापारा में छत्तीसगढ़ के जंगलों से अवैध रूप से काटे गये सागौन वृक्षों से फर्नीचर तैयार किया जा रहा है।

सूचना के आधार पर उपनिदेशक वरुण जैन एवं ओडिशा के वनमंडलाधिकारी सुभेन्दु प्रसाद बेहरा के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई। टीम ने ग्राम फुटानाड़ा निवासी मनबोध माली और बुड्रापारा निवासी मनमथ चौधरी के घरों में सर्च वारंट के तहत तलाशी ली। इस दौरान मनबोध माली के घर और बाड़ी से सागौन का फर्नीचर, स्लीपर, फारा सहित बढ़ईगीरी में उपयोग होने वाली सामग्री जब्त की गई।

कार्रवाई के दौरान फरार आरोपी मनबोध माली को 4 अप्रैल की रात उमरकोट क्षेत्र के हीरापुर गांव से पकड़कर छत्तीसगढ़ लाया गया। 5 अप्रैल को आरोपी से पूछताछ के बाद उसे उदंती सीतानदी टाइगर रिज़र्व के कोर एरिया में ले जाकर अवैध कटाई स्थल की पहचान कराई गई।

वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं एवं छत्तीसगढ़ व्यापार विनियमन अधिनियम 1969 के तहत मामला दर्ज कर 6 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल गरियाबंद भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में एसडीओ गोपाल कश्यप, भोपाल सिंह राजपूत, रेंजर ज्योति ध्रुव, सुशील सागर, दिनेश चौधरी, चन्द्रबली ध्रुव सहित महिला वन रक्षक पामेश्वरी नेताम, ललिता मरकाम और अन्य वन अमले एवं पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Exit mobile version