Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

घर में घुसकर धमकी देने वाले आरोपी मां-बेटे गिरफ्तार, बसंतपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव : जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में घर में घुसकर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर दी धमकी

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी तुलसी गौतम निवासी ग्राम मोहड़ ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई कि 30 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे गांव के भूपेन्द्र साहू और उसकी माता पुरानी रंजिश के चलते जबरन उनके घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने अश्लील गाली-गलौज की और स्टील पाइप दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 357/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 333 एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर किया गिरफ्तार

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी भूपेन्द्र साहू और उसकी माता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार करने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, प्रधान आरक्षक किशोर यादव, महिला आरक्षक अनुपमा चन्द्रवंशी एवं आरक्षक राजश्री मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version