Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

आस्था वृद्धा आश्रम को मिली 20 लाख की सौगात, सांसद विजय बघेल ने किया नवनिर्मित भवन का लोकार्पण

भिलाई : आस्था वृद्धा आश्रम में छत्तीसगढ़ शासन की स्वीकृत 20 लाख रुपये की राशि से नवनिर्मित कार्यालय, पुस्तकालय एवं भोजनालय का लोकार्पण दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने किया। स्वर्गीय श्रीमती बानू बाई गेडाम की पुण्य स्मृति में आयोजित इस समारोह में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत सांसद विजय बघेल ने आश्रम परिसर स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर की। इसके बाद उन्होंने फीता काटकर नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया और स्वर्गीय बानू बाई गेडाम के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

संस्था के संस्थापक अध्यक्ष प्रकाश गेडाम ने बताया कि आस्था वृद्धा आश्रम पिछले करीब 25 वर्षों से आपसी सहयोग और दानदाताओं के योगदान से संचालित हो रहा है। वर्तमान में यहां लगभग 80 बुजुर्ग निवासरत हैं, जिनमें 50 महिलाएं और 30 पुरुष शामिल हैं।

इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि आस्था संस्था मानव सेवा को अपना उद्देश्य मानकर वर्षों से जरूरतमंद और बेसहारा बुजुर्गों की सेवा कर रही है। प्रकाश गेडाम और उनकी पूरी टीम जिस समर्पण के साथ बुजुर्गों को परिवार जैसा स्नेह, सम्मान और अपनापन दे रही है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने कहा कि आश्रम में बुजुर्गों की सेवा करना मंदिर में पूजा करने के समान है। संस्था द्वारा एक हजार से अधिक लावारिस शवों का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया जाना भी उसकी सेवा भावना को दर्शाता है। सांसद ने संस्था के 25 वर्षों से निरंतर सेवा कार्य करने की सराहना करते हुए नवनिर्मित भवनों के लोकार्पण पर सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया, शंकरलाल देवांगन, प्रभुनाथ मिश्रा, नीमराज वर्मा, दिलेश्वर उमरी, संतोष राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं संस्था के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Exit mobile version