Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

धमतरी। ग्राम मुड़पार में ‘आंगन का मिलन’ सेवा कार्यक्रम आयोजित

धमतरी। ग्राम मुड़पार में ‘आंगन का मिलन’ सेवा कार्यक्रम आयोजित

* ग्राम मुड़पार में ‘आंगन का मिलन’ सेवा कार्यक्रम आयोजित, स्वस्थ बच्चों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान…
* सेवा संकल्प अभियान के तहत हुआ आयोजन, ‘हर घर मुनगा’ अभियान की दी गई जानकारी …

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम मुड़पार में ‘आंगन का मिलन’ सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत धमतरी की सभापति एवं महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन शामिल हुईं।

कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। इस दौरान स्वस्थ बच्चों का सम्मान किया गया तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।

मुख्य अतिथि श्रीमती मोनिका देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा एवं मातृ स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शासन की योजनाओं को गांव-गांव और परिवार-परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ और संस्कारित बचपन ही सशक्त समाज की नींव है। बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देकर हम आने वाली पीढ़ी को मजबूत बना सकते हैं। उन्होंने महिलाओं से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं एवं शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

श्रीमती देवांगन ने छत्तीसगढ़ सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ‘हर घर मुनगा’ अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि मुनगा पोषक तत्वों से भरपूर है। इसे घर-घर में लगाने और भोजन में शामिल करने से परिवार के पोषण स्तर को बेहतर बनाने में सहायता मिल सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सेवा, संवेदना और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। ऐसे आयोजनों से शासन की योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों और हितग्राहियों तक पहुंचती है।

इस अवसर पर ग्राम के वरिष्ठ नागरिक श्री निर्भय राम यादव जी, श्री गोकुल राम धु्वजी, श्री सुखराम यादव जी, पूर्व सरपंच एवं भाजपा मंडल उपाध्यक्ष श्रीमती मीना यादव जी, श्री नरोत्तम यादव जी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती ललिता यादव जी एवं श्रीमती चित्रलेखा यादव जी सहित मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

Exit mobile version