Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

चुनाव से पहले खैरागढ़ को बड़ी सौगात! 20 वार्डों में होंगे करोड़ों के काम

प्रदीप बोरकर, खैरागढ़ : नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए 3 करोड़ 85 लाख रुपये से अधिक के निर्माण कार्यों के टेंडर जारी किए गए हैं। शहर के सभी 20 वार्डों में सीसी सड़क, नाली, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम, स्कूल भवन, पचरी निर्माण और मरम्मत सहित विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। नगर पालिका चुनाव से पहले इन कार्यों को शुरू कराने की तैयारी है।

नगर पालिका की ओर से जारी टेंडर के तहत वार्ड क्रमांक 1 से 20 तक नाली निर्माण, सीसी सड़क, आरसीसी सड़क, सामुदायिक भवन, डोमशेड और आहाता निर्माण के लिए करीब 2 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं। इसके अलावा पिपरिया वार्ड में मुक्तिधाम निर्माण के लिए 25 लाख 84 हजार रुपये और अधोसंरचना के तहत सात नाली-सड़क निर्माण कार्यों के लिए 41 लाख रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं।

तीन सीसी सड़क निर्माण कार्यों के लिए 8 लाख 15 हजार रुपये, पार्षद निधि से विभिन्न सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण के लिए 4 लाख 75 हजार रुपये तथा पिपरिया स्कूल भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं। वहीं, विभिन्न वार्डों में छह नालियों के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये और वार्ड 11, 12 एवं 13 में नदियों पर पचरी निर्माण के लिए 30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

अमलीपारा वार्ड में निर्माणाधीन सर्व समाज मांगलिक भवन में पेवर ब्लॉक लगाने के लिए अतिरिक्त 25 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति के बाद टेंडर जारी किया गया है।

सांस्कृतिक भवन की भी होगी मरम्मत

शहरवासियों के सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग होने वाले नगर पालिका के सांस्कृतिक भवन की मरम्मत और संधारण के लिए भी 12 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। टेंडर जारी होने के बाद भवन की खिड़कियों के टूटे शीशे, शौचालयों की खराब स्थिति, बिजली व्यवस्था और रंगरोगन जैसी समस्याओं को दूर करने के लिए काम कराया जाएगा।

नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर ने कहा कि शहर में विकास कार्यों के लिए पौने चार करोड़ रुपये से अधिक के टेंडर जारी किए गए हैं। इन कार्यों से शहर के विकास को गति मिलेगी और शहरवासियों को सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Exit mobile version