शातिर गिरोह का पर्दा फास करने में पुलिस को मिली सफलता
गरियाबंद। पिछले 10 दिनों से गरियाबंद थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस की नाक में दम करने वाले शातिर गिरोह के नौ आरोपियों को अंततः पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही आम जनता को राहत मिली है। पिछले दस दिनों से थाना क्षेत्र में सक्रिय इस गिरोह के द्वारा अलग अलग स्थानों में हथियारों के दम पर लूट की घटना को अंजाम दिया जा रहा था। बताया जा रहा है कि 2 व 3 फरवरी की मध्य रात्रि गरियाबंद रायपुर रोड स्थित जय लक्ष्मी पेट्रोल पंप में लूट की घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात आरोपी यही है। इस पेट्रोल पंप के ऑपरेटर को रात्रि काल में पेट्रोल डलवाने के बहाने उठाया और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुये 5 हजार रुपये व मोबाईल लूट कर भाग गये। एक दूसरी घटना में इनमें से तीन लुटेरों ने ग्राम आमझर निवासी एक ग्रामीण से केशोडार रोड पर हथियार दिखाकर 9 हजार रुपये व मोबाईल लूट लिया था।
-
आगे चलकर इन लुटेरों का हौसला इतना बुलंद होता गया कि, इन्होंने 8 व 9 फरवरी की मध्यरात्रि ग्राम केशोडार निवासी भोजराम गढिया के घर साथी की तबियत खराब है प्यास से तड़प रहे हैं कहते हुये दरवाजा खुलवाया और दरवाजा खुलते ही भोजराम के ऊपर कट्टा तान दिया , एक दूसरे आरोपी ने चाकू दिखाकर उसे चुप रहने धमकाया और घर में घुसकर आलमारी से सोने चांदी के जेवरात 2500 रु नगद सहित 3 नग मोबाइल लेकर भाग गये।
चार टीमें गठित की गई
आये दिन लूट की घटना को अंजाम दे रहे इस गिरोह की पता साजी के लिये पुलिस विभाग द्वारा राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारीयों की चार अलग अलग टीम गठित की गई। पुलिस टीम की लगातार मेहनत और मशक्कत का परिणाम आया और चारों टीम के द्वारा अलग अलग संदेहियों से पूछताछ में संदेही आरोपी साजिद खान, असद खान, राजेश साहनी, नागेश्वर उर्फ नानू सिन्हा, कन्हैया प्रधान, अजय पाल, सन्नी अग्रवाल, अभिनव देवांगन द्वारा अलग अलग घटनाओं में लूट की घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि पीड़ितों को डराने के लिये एयरगन व चाकू का इस्तेमाल करते रहे हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त चार मोटरसाइकिल व एक स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की गई है।
एक आरोपी रायपुर से बाकी स्थानीय
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी साजिद खान पिता सैफ्फुला खान उम्र 24 वर्ष निवासी नया तालाब गरियाबंद, असद खान पिता अब्दुल्ल खान 27 वर्ष दर्रापारा गरियाबंद, राजेश साहनी पिता रमेश साहनी 20 वर्ष संतोषी मंदिर गरियाबंद, नागेश्वर उर्फ नानू सिन्हा 22 वर्ष निवासी शीतला मंदिर गरियाबंद, कन्हैय्या प्रधान पिता समारू, डाक बंगला वार्ड गरियाबंद, विकास कश्यप पिता गोविंद डाक बंगला वार्ड, अजय पाल पिता लखन पाल 22 वर्ष निवासी खम्हारडीह रायपुर, सन्नी अग्रवाल पिता शिव नया तालाब गरियाबंद, अभिनव देवांगन पिता नारायण देवांगन शारदा चौक गरियाबंद के है।
