Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

बिजली विभाग ऑनलाइन बिजली बिल भुगतान में जनता से की जा रही लूट- कुसुम रूपेश दुबे

 

राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं शहर जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव की कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती कुसुम रूपेश दुबे ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ऑनलाइन बिल भुगतान में जनता से लूट की जा रही है।

श्रीमती दुबे ने बताया कि मुख्यमंत्री के ही विभाग में यह अंधेरगर्दी चल रही है। जब विभाग की ऐसी स्थिति है तो पूरे प्रदेश में लूट, अपराध, नशाखोरी और सरकारी खरीदी में भ्रष्टाचार चरम पर होना स्वाभाविक है।

उन्होंने सबूत प्रस्तुत करते हुए कहा कि सर्विस क्रमांक 1006530583 में मैनुअल और एसएमएस से प्राप्त बिजली बिल ₹680 है, जबकि ऑनलाइन भुगतान करने पर यही बिल ₹810 दिखा रहा है। इससे साफ है कि ऑनलाइन सुविधा के नाम पर जनता को ठगा जा रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की 400 यूनिट मुफ्त बिजली योजना बंद कर दी, वहीं दूसरी ओर बिजली दर बढ़ाकर अन्यायपूर्ण बिल भेजे जा रहे हैं। सरप्लस बिजली वाले राज्य में यह कदम जनता पर सीधा आर्थिक बोझ है।

श्रीमती दुबे ने कहा कि भाजपा सरकार अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए कोयला और सोलर प्लेट की खरीद में जनता को नुकसान पहुँचा रही है। आज स्थिति यह है कि हल्की हवा या मामूली मौसम परिवर्तन पर भी घंटों बिजली कटौती आम बात हो गई है।

उन्होंने कहा कि यह नीतियां प्रदेश की जनता के साथ अन्याय हैं और भाजपा सरकार की पूंजीपति समर्थक मानसिकता को उजागर करती हैं।

Exit mobile version