Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

महावीर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में पहले दिन 743 मरीजों ने लिया लाभ

 

राजनांदगांव के सदर बाजार स्थित जैन बगीचा में आयोजित दो दिवसीय “महावीर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर” में पहले ही दिन 743 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक संघ राजनांदगांव एवं श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक युवा मंडल के तत्वावधान में 28 फरवरी और 1 मार्च को आयोजित इस शिविर का उद्घाटन पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष खूबचंद पारख, पूर्व महापौर नरेश डाकलिया, मैनेजिंग ट्रस्टी अजय सिंगी एवं अन्य गणमान्य नागरिकों द्वारा किया गया।
शिविर में बाल रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, हृदय रोग, त्वचा रोग, दंत चिकित्सा, नेत्र रोग, श्वसन रोग सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने नि:शुल्क परामर्श दिया। मरीजों की प्राथमिक जांच के बाद दवाएं भी मुफ्त वितरित की गईं। कई जरूरतमंद मरीजों की ईसीजी और अन्य आवश्यक जांच भी शिविर में ही की गई।
पहले दिन शुगर, बीपी और थायराइड से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। इसके अलावा घुटनों और जोड़ों के दर्द, त्वचा संबंधी समस्याएं, महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और बच्चों की जांच के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराना है। शिविर का आयोजन 1 मार्च को भी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की है।

Exit mobile version