Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

4 जिलों के 5.40 लाख किसान सहकारिता से हुए लाभान्वित

सहकारिता के माध्यम से किसानों के जीवन में आ रही खुशहाली एवं परिवर्तन : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

विधानसभा अध्यक्ष ने सहकारी सम्मेलन में की शिरकत

कृषक उन्नति योजना के तहत 4559 करोड़ 66 लाख की राशि किसानों के खातों में अंतरित
बैंकिंग सुविधाओं में निरंतर हो रही बढ़ोत्तरी

राजनांदगांव _ अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आज पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम, राजनांदगांव में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित द्वारा आयोजित सहकारी सम्मेलन में शिरकत की।

 

उन्होंने कहा कि सहकारिता किसानों के जीवन में खुशहाली और सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। किसान क्रेडिट कार्ड और शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण जैसी योजनाओं ने किसानों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त किया है। आज केंद्रीय सहकारिता बैंक के माध्यम से राजनांदगांव, कबीरधाम, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के 5.40 लाख किसान लाभान्वित हो रहे हैं।

डॉ. सिंह ने बताया कि कृषक उन्नति योजना अंतर्गत 4559 करोड़ 66 लाख रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की गई है। जिले में एटीएम और माइक्रो एटीएम सुविधाओं का दायरा बढ़ा है। अब किसान माइक्रो एटीएम से 20 हजार रुपये और रुपे डेबिट कार्ड से 40 हजार रुपये तक आहरण कर सकते हैं।

वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता आंदोलन जन-जन तक पहुंच रहा है। प्रदेश में 2058 पैक्स सक्रिय हैं और 532 नए पैक्स का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि सहकारिता से किसानों की आय में वृद्धि हुई है। कम्प्यूटरीकरण और बैंकिंग विस्तार से किसानों को आधुनिक सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने गुजरात की अमूल डेयरी का उदाहरण देते हुए कहा कि संगठन और सहकारिता से असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं।

अध्यक्ष, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सचिन बघेल ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि बैंक की अंशपूंजी 2024-25 में बढ़कर 20557.82 लाख रुपये हो गई है। इस अवधि में बैंक ने 160529.88 लाख रुपये का कृषकों को ऋण वितरण किया। बैंक के कार्यक्षेत्र में 275 खाद केंद्र और 282 धान खरीदी केंद्र संचालित हैं।

कार्यक्रम में विधायक श्रीमती भावना बोहरा, राज्य सहकारी बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, विभिन्न जिलों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

Exit mobile version