Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

आवासीय विद्यालयों के लिए 24 हुए विद्यार्थी चयनित

कोंडागांव/केशकाल : राज्य में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में वर्ष 2022-23 में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु आयोजित चयन परीक्षा का परिणाम जारी किया गया है। जिसमें केशकाल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बडेराजपुर विकासखंड के 24 छात्र-छात्राओं का चयन हुआ है। इन प्रतिभावान बच्चों के सम्मान के लिए गुरुवार को केशकाल विधायक निवास में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जहां विधायक संतराम नेताम के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों व शिक्षा विभाग के अधिकारियों के द्वारा समस्त चयनित छात्र-छात्राओं को फूलमाला पहना कर पुरस्कार देते हुए सम्मानित किया गया। साथ ही विधायक ने इस वर्ष 10वीं बोर्ड के परीक्षा परिणाम में प्रदेश के टॉप 10 में स्थान हासिल करने वाली हर्षिका चौरड़िया और साक्षी चौरड़िया का तिलक चन्दन व पुष्पमाला पहना कर उन्हें सम्मानित किया गया।

इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी अशोक पटेल ने कहा कि कोंडागांव जिले के लिए बड़े ही हर्ष का विषय है कि हमारे जिले से 72 बच्चे प्रयास परीक्षा में उत्तीर्ण होकर प्रयास विद्यालय के लिए चयनित हुए हैं। इसके लिए बडेराजपुर खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने वाले समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं बधाई के पात्र हैं। बच्चों के लिए महत्वपूर्ण समय निकाल कर इस सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मैं विधायक जी के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ।

विधायक सन्तराम नेताम ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन में शिक्षक को भगवान का दर्जा दिया गया हैं। शिक्षक हमारे छात्र जीवन में एक मार्गदर्शक के रूप में कार्य करते हैं। और जिस प्रकार से बडेराजपुर के खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में सभी संकुल समन्वयकों एवं शिक्षक शिक्षिकाओं की कड़ी मेहनत के परिणामस्वरूप 24 बच्चे प्रयास आवासीय विद्यालय के लिए चयनित हुए हैं मैं इन सभी बच्चों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जव भविष्य की कामना करता हूं। हमारा प्रयास रहेगा कि हम इसी तरह शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों का प्रोत्साहित करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट स्थान हासिल करने में प्रेरित करें।

इस दौरान बडेराजपुर जनपद उपाध्यक्ष श्यामा साहू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हीरालाल नेताम, सरपंच संघ अध्यक्ष सोनू नाइक, नरेंद्र जैन, कमलेश ठाकुर, पंकज नाग, डीईओ अशोक पटेल, डीएमसी महेंद्र पांडे, डीपीओ साक्षरता वेणुगोपाल राव, बीइओ विप्लव डे, बीआरसी के.एस पोया समेत समस्त संकुल समन्वयक एवं शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Exit mobile version