गरियाबंद : बिते एक महीने से अधिक समय से धरने पर बैठे स्कूल मध्याह्न भोजन रसोइया कल्याण संघ के दो सौ से अधिक कार्यकर्ताओं ने आज दोपहर के करीब, नगर के तिरंगा चौक पर धरना देते हुये नेशनल हाइवे 130 जाम कर दिया । जिससे काफी देर तक आवागमन अवरुद्ध हो गया।
अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से संघ के कार्यकर्ता गांधी मैदान में धरने पर बैठे हुये है, किन्तु मांगों को लेकर शासन प्रशासन से कोई प्रतिक्रिया नजर नहीं आई। इससे नाराज रसोइया संघ ने आज तिरंगा चौक पर धरना दे दिया। जिससे चक्का जाम की स्थिति उतपन्न हो गई।
आनन फानन में तिरंगा चौक पहुंचे जिला शिक्षा अधिकारी करमन खटकर को रसोइया संघ द्वारा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ये है 3 मांगे
रसोईया संघ 50 रु प्रतिदिन के मानदेय की बजाये, कलेक्टर दर पर भुगतान की मांग कर रहे हैं। दूसरी मांग नियमतिकरण की है, साथ ही समय समय पर काम से निकाल बाहर करने की प्रक्रिया को भी बंद करने की मांग की गई है। मौके पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रेश सिंह ठाकुर , एसडीओपी पुष्पेंद्र नायक , उप पुलिस अधीक्षक निशा सिन्हा की समझाईस एवं डीईओ करमन खटकर के आश्वासन के बाद तिरंगा चौक में जाम की स्थिति को बहाल किया गया।
