Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

29 नक्सलियों में 2 बड़े नक्सली भी शामिल, आईजी ने कहा- मारे गए सभी नक्सली में कोई ग्रामीण नहीं… जानिए क्या पूरा मामला?

कांकेर : मंगलवार की रात सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में जिन 29 नक्सलियों को मार गिराया है, उनमें 2 बड़े नक्सल भी शामिल हैं, इनमें से 1 की पहचान शंकर राव के रूप में हुई और दूसरे की पहचान ललिता के रूप में की गई है। जिसके साथ ही बस्तर के आईजी सुंदर राज पी ने स्पष्ट किया कि, मुठभेड़ (Encounter) में मारे गए सभी नक्सली हैं, इसमें कोई ग्रामीण शामिल नहीं है ।

नक्सली मुठभेड़ (Encounter) पर कांकेर पुलिस की प्रेस वार्ता में बस्तर के आईजी सुंदर राज पी ने बताया कि, कल कांकेर जिले के छोटे बेठिया इलाके में मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए हैं, और उनसे लगभग 30 हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें एक एके-47 एक SLR 2 इंसास और 303 जैसे हथियार शामिल हैं। जिसके अलावा बड़ी मात्रा में नक्सलियों का साहित्य एवं सामग्री बरामद की गई है।

उन्होंने आगे बताया कि, हाल के दिनों में पुलिस एवं सुरक्षा बलों के द्वारा लगभग 71 माओवादियों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। और यह अभियान लगातार जारी है, क्योंकि गर्मी के मौसम के दौरान नक्सलियों का जमावड़ा भी मैदानी इलाकों में होता है। वहीं इस समय पुलिस उनके ऊपर आक्रामक रूप रहती है, जिससे लगातार सफलता मिलते जा रही है।

पत्रकारों के ग्रामीणों की नक्सली मुठभेड़ में मौत के सवाल पर बस्तर आईजी सुंदर राज पी ने कहा कि, इसमें कोई किंतु-परंतु की बात नहीं है। सभी नक्सली हैं। ग्रामीण वहां हैं ही नहीं, और जो लोग इस तरह के आरोप लगा रहे हैं, उनका काम ही है। आईजी ने आगे बताया कि, नक्सलियों से बरामद हथियारों की पहचान कराई जा रही है कि वह छत्तीसगढ़ राज्य में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में लूटे गए हैं, या अन्य राज्यों से लूटे गए हैं। उन्होंने बताया कि, 3 सुरक्षा बल के जवान भी घायल हुए थे, जिन्हें रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बस्तर आईजी सुंदर राज पी ने कहा है कि, हमारी नक्सलियों के साथ लड़ाई निर्णायक मोड़ पर है, और हम इसमें बढ़त बनाए हुए हैं, और आगे भी सुरक्षा बल नक्सलियों के साथ लड़ाई में अपनी बढ़त बनाए रखेंगे हम सही दिशा में जा रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांकेर डीआईडी केएल ध्रुव, बीएसएफ के डीआईजी वीएम बाला, कांकेर एसपी आईके एलिसेला मौजूद रहे।

Exit mobile version