Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

बाल संप्रेक्षण गृह से फिर 13 अपचारी बालक फरार, पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन, सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल

अंबिकापुर । सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर 13 अपचारी बालक फरार हो गए। देर रात हुई इस घटना के बाद संप्रेक्षण गृह प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फरार बालकों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया।

पुराना दरवाजा तोड़कर हुए फरार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपचारी बालकों ने संप्रेक्षण गृह के पुराने दरवाजे को तोड़कर बाहर निकलने की योजना बनाई। देर रात सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देते हुए सभी 13 बालक परिसर से फरार हो गए। घटना का पता चलते ही प्रबंधन ने तत्काल गांधीनगर थाना पुलिस को सूचना दी।

पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फरार बालकों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश में जुटी है।

23 जून को भी हुई थी ऐसी ही घटना

यह पहली बार नहीं है जब इसी बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालक फरार हुए हों। 23 जून को भी यहां से 13 अपचारी बालक भाग निकले थे। उस मामले में पुलिस अधिकांश बालकों को वापस लाने में सफल रही थी, हालांकि दो अपचारी बालक अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर बताए जाते हैं।

लगातार दूसरी घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

करीब तीन सप्ताह के भीतर दूसरी बार एक साथ 13 अपचारी बालकों के फरार होने की घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह जांच का विषय है कि सुरक्षा में चूक कहां हुई और बार-बार ऐसी घटनाएं क्यों हो रही हैं। फिलहाल पुलिस फरार बालकों की तलाश और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Exit mobile version