Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

105 किलो गांजा जब्त, तस्करों की प्लानिंग पर फिरा पानी, पुलिस ने की कारवाई

रायगढ़ : एसपी (SP) दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन पर रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ा शिकंजा कसने में पुलिस को लगातार बड़ी सफलता मिल रही है। इसी अभियान के तहत जूटमिल पुलिस ने एक और बड़ी कार्यवाही करते हुए 2 कारों में भारी मात्रा में गांजा लेकर रायगढ़ की ओर आ रहे 3 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से कुल 105 किलो गांजा, 2 कारें, 4 मोबाइल फोन समेत कुल 44.85 लाख रुपये का अवैध मादक पदार्थ और सामान जब्त कर कार्रवाई की गई है।

थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव को उनके विश्वसनीय मुखबिर से जानकारी प्राप्त हुई कि, ओडिशा के कनकतुरा से दो अलग-अलग कारों में कुछ व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर ग्राम बड़माल रेलवे लाइन किनारे होते हुए रायगढ़ की ओर आने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक राव ने तत्काल पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। एसपी (SP) दिव्यांग पटेल द्वारा डीएसपी (DSP) अनिल विश्वकर्मा के पर्यवेक्षण में साइबर सेल और थाना जूटमिल की संयुक्त टीम गठित कर घेराबंदी के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के लिए टीम ने सुनियोजित तरीके से बड़माल रेलवे लाइन किनारे ओडिशा सीमा से लगे मार्ग पर बैरिकेडिंग कर 2 कारों को रोका और तलाशी में दोनों वाहनों से कुल 103 पैकेट गांजा बरामद हुआ।

पकड़े गए 3 तस्करों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि, उन्होंने गांजा ओडिशा से खरीदा और उसे यूपी ले जाकर बेचने की योजना बनाई थी। आरोपियों ने यह भी बताया कि रास्ते में कनकतुरा के पास उनके दो अन्य साथी एक कार से उतर गए थे। जूटमिल थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है और फरार दो अन्य तस्करों की तलाश तेज कर दी गई है। रायगढ़ पुलिस द्वारा यह लगातार दूसरी बड़ी मादक पदार्थ बरामदगी है जिससे जिले में नशे के कारोबारियों पर कानून का शिकंजा लगातार मजबूत होता दिख रहा है।

Exit mobile version