साबुन से धोएंगे हाथ,तो बीमारी नही रहेगी पास-जिनेश
रानीतराई: विश्व हाथ धुलाई दिवस के अवसर पर आज ग्राम पंचायत ओदरागहन एवम समर्थन एन जी ओ के सौजन्य से शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में हाथ धुलाई प्रशिक्षण सहित, रंगोली एवम चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्राम के युवा सरपंच जिनेश जैन राजा एवम समर्थन एनजीओ के प्रियंका सिन्हा एवं हेल्थ वेलनेस सेंटर ओदरागहन की सीएचओ वी.के.साहू सहित ग्राम के प्रबुद्ध जनो सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सरपंच जैन ने बताया कि हमारे हाथों में अनदेखी गंदगी छिपी होती है, जो किसी भी वस्तु को छूने, उसका उपयोग करने व कई तरह के दैनिक कार्यों के कारण होती है। यह गंदगी, बगैर हाथ धोए खाद्य एवं पेय पदार्थों के सेवन से आपके शरीर में जाती हैं, और बीमारियों को जन्म देती हैं। हाथों की धुलाई के प्रति जागरूकता पैदा करने के मकसद से पूरे विश्व में 15 अक्टूबर को विश्व हाथ धुलाई दिवस मनाया जाता है।
हाथ धोना हमारे लिए कितना जरुरी है, कोरोना संक्रमण में यह तो सबको समझ में आ ही गया है। क्योंकि हाथ धुलने से बीमारियों का खतरा काफी कम हो जाता है। जब कोविड-19 जैसी बीमारियों ने दस्तक दी, तब सबको एक ही हिदायत दी गई कि किसी भी चीज को छूने के बाद हाथों को अच्छी तरह से साफ करें। साबुन से 30 सेकंड तक हाथ धोएं। इससे हम हैजा, डायरिया, निमोनिया और कोविड-19 जैसी वैश्विक बीमारी को भी परास्त कर सकते हैं। बहरहाल विश्व में हाथ धुलाई दिवस पर बहुत जोर दिया जा रहा है। ताकि लोग हाथों की सफाई को लेकर सतर्क रहें। क्योंकि सिर्फ हाथ धुलने से हम कई बीमारियों से बच सकते है। इस बार थीम रहेगा कि साबुन से धोएं हाथ तो बीमारियां नहीं फटकेंगी पास। स्वच्छ भारत के इस मिशन से कोरोना वायरस संक्रमण, डेंगू से लेकर डायरिया जैसी बीमारियों को रोकने की भी पहल की गई है।
