Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

वृद्धजन दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर : वरिष्ठजनों को अधिकारों और कानूनी संरक्षण की दी गई जानकारी

गरियाबंद। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन में अम्बेडकर चौक गरियाबंद में वरिष्ठजनों के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा एवं विधिक संरक्षण को लेकर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित हुये।

कार्यक्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री बी.आर. साहू,पॉक्सो कोर्ट की विशेष न्यायाधीश श्रीमती गंगा पटेल एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कु.खुशबु जैन उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुये न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कु.खुशबु जैन ने वरिष्ठजनों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम 2007 के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुये वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि शासकीय अथवा गैर-शासकीय कार्यालयों में वरिष्ठजनों को प्राथमिकता दिए जाने के साथ उनके लिये विभिन्न अधिकार एवं सुविधायें निर्धारित हैं।

इसके बाद पॉक्सो कोर्ट की विशेष न्यायाधीश श्रीमती गंगा पटेल ने वर्तमान समय में बढ़ रही साइबर ठगी को लेकर वरिष्ठजनों को जागरूक किया। उन्होंने मोबाइल, इंटरनेट एवं ऑनलाइन माध्यमों से होने वाली ठगी से सावधान रहने की अपील की। किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी की घटना होने पर बिना देर किये 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने बच्चों के साथ होने वाले यौन अपराधों और पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी।

शिविर के अंतिम वक्ता जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बी.आर.साहू ने उपस्थित वरिष्ठजनों को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वरिष्ठजनों को उनके हक और अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि परिवार में बुजुर्गों के साथ अवमानना, तिरस्कार, भरण-पोषण में कोताही अथवा अपने कर्तव्यों से विमुख होने की स्थिति में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम 2007 के तहत आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने वरिष्ठजनों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की बात कही।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें उपस्थित वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य की जांच एवं परीक्षण किया गया।

शिविर के अंत में वरिष्ठजनों की ओर से दीपक मेश्राम ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा इस तरह के जागरूकता एवं विधिक शिविरों का आयोजन आगे भी किये जाने का आग्रह किया।

Exit mobile version