Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

महापौर निर्मल कोसरे ने किया देवबलोदा महोत्सव स्थल का निरीक्षण / निगम के अधिकारियों को दिया आवश्यक निर्देश

महापौर निर्मल कोसरे ने किया देवबलोदा महोत्सव स्थल का निरीक्षण
00 निगम के अधिकारियों को दिया आवश्यक निर्देश
भिलाई – 3 / महापौर निर्मल कोसरे ने आज देवबलोदा महोत्सव स्थल पर जाकर तैयारियां का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उनके साथ एमआईसी सदस्य और पार्षद भी देवबलोदा पहुंचे थे।
नगर निगम भिलाई – चरोदा द्वारा महाशिवरात्रि पर देवबलोदा महोत्सव का दो दिवसीय आयोजन किया जा रहा है। इसकी तैयारी का जायजा लेने महापौर निर्मल कोसरे देवबलोदा पहुंचे। उन्होंने आयोजन को लेकर चल रही तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से लेकर नजर आ रही कुछ खामियों को समय से पहले दूर करने का निर्देश दिया।‌ श्री कोसरे ने मेला स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देवबलोदा के तीनों वार्ड पार्षदों से भी चर्चा की। इस दौरान निगम आयुक्त कीर्तिमान सिंह राठौर, एमआईसी सदस्य संतोष तिवारी, पार्षद एस. वेंकट रमना, टेनेन्द्र ठाकरे, रविन्द्र हरपाल, ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री पप्पू चन्द्राकर, युवा कांग्रेस के असफाक अहमद एवं युवराज कश्यप विशेष रूप से उपस्थित थे।
महापौर निर्मल कोसरे ने बताया कि कोरोना के चलते दो वर्ष के बाद देवबलोदा महोत्सव मनाया जा रहा है। कल्चुरी कालीन शिव मंदिर के लिए प्रसिद्ध भिलाई – चरोदा नगर निगम क्षेत्र के देवबलोदा में महोत्सव का उद्घाटन 1 मार्च को शाम 6 बजे होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि होंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव उपस्थित रहेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत 6 बजे रायपुर के डेविड निराला और 8 बजे से धमतरी की आरु साहू की मंचीय प्रस्तुति होगी। रात 10 बजे से मुख्य आकर्षण के तहत राजनांदगांव की श्रीमती पूनम विराट के नेतृत्व में रंग छत्तीसा छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। महोत्सव के दूसरे दिन 2 मार्च को शाम 6 बजे समापन समारोह में मंत्री गुरु रुद्र कुमार मुख्य अतिथि होंगे। अध्यक्षता दुर्ग लोकसभा के सांसद विजय बघेल करेंगे। विशिष्ट अतिथि संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद होंगे। इसके पश्चात अंचल की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका रितु वर्मा मंच पर प्रस्तुति देंगी। रात 8 बजे से देवी जसगीत गायक रायगढ़ निवासी देवेश शर्मा का कार्यक्रम प्रारंभ होकर देर रात तक जारी रहेगा।

Exit mobile version