Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

पुलिस पर पथराव , 26 लोगों पर नामजद अपराध कायम, भाजयुमो जिला अध्यक्ष योगिराज माखन कश्यप भी नामजद

किरीट ठक्कर , गरियाबंद। सोमवार ध्रुवागुड़ी में अभनपुर – देवभोग मार्ग एन एच 130 सी पर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया था। सुबह से जाम की स्थिति बनी हुई थी जिसे खुलवाने तथा रास्ता बहाल करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। पुलिस वाहन सहित अन्य वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। कांडेकेला सहकारी समिति के अधीन आने वाले 7 गांवों के ग्रामीणों ने धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग को लेकर ध्रुवागुड़ी में चक्काजाम कर दिया था। आंदोलनकारियों में महिलायें भी सम्मिलित थी।

मंगलवार की स्थिति

आज मंगलवार को बहुत से ग्रामीण पुनः चक्काजाम की मंशा लेकर ध्रुवागुड़ी में एकत्रित हो रहे थे। किन्तु आज पुलिस विभाग द्वारा भारी संख्या में पुलिस बल यहां तैनात कर दिया गया। लगभग 150 जवान व 6 वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वही माहौल ना बिगड़े इसके लिये आंदोलनकारी ग्रामीणों को आज अलग अलग गुट में रोक रखा गया है। बहुत से गांव वालों को इंदागांव थाना परिसर में नजरबंद किया गया , जबकि 30 से ज्यादा ग्रामीणों को अमालिपदर थाना केम्पस में रखा गया है।
सोमवार को हुई हिंसा के मामले में 26 लोंगो के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। इन सभी लोगों के खिलाफ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा , बलवा , सरकारी संपत्ति का नुकसान जैसी 10 विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इन 26 नामजद आरोपियों में भाजयुमो जिला अध्यक्ष योगिराज माखन कश्यप तथा पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष पुनित राम सिन्हा का नाम भी शामिल है।

Exit mobile version