*”पाटन कॉलेज में उच्च शिक्षा में गुणवत्ता उन्नयन /अभिप्रेरण पर कार्यशाला संपन्न “*
पाटन। शासकीय चंदूलाल चंद्राकर कला एवं विज्ञान महाविद्यालय पाटन में दिनांक 4 अप्रैल 2022 को उच्च शिक्षा में गुणवत्ता उन्नयन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यशाला के औपचारिक उद्घाटन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ बी एस छाबड़ा ने कार्यशाला के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए उच्च शिक्षा में गुणवत्ता की प्रकृति, क्षेत्र विशेषताओं, एवं संभावनाओं पर सारगर्भित उद्गार व्यक्त किए । कार्यक्रम के विषय विशेषज्ञ *डॉ जी ए घनश्याम* विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, राज्य गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ उच्च शिक्षा, नवा रायपुर ने अत्यंत सहज, रोचक एवं प्रभावोत्पादक शैली में लगातार 2 घंटे तक *”उच्च शिक्षा में गुणवत्ता विकास* विषय पर अपने मौलिक विचार रखें। उन्होंने कहा समृद्ध अधोसंरचना गुणवत्ता विकास का * *साधन* हो सकती है *साध्य* नहीं। शिक्षक, विद्यार्थी , पाठ्यक्रम, मूल्यवर्धन, हेतु औपचारिक पाठ्यक्रम से हटकर नवाचार पर बल सूचना प्रौद्योगिकी की तकनीक से अवगत होने की अनिवार्यता पर उन्होंने जोर दिया एवं बतलाया कि गुणवत्ता का विकास अंतः प्रेरणा, सतत प्रयास, जागरूकता एवं सामूहिक समन्वय से संभव है। गुणवत्ता विकास की दिशा गुणवत्ता विकास की दिशा में शासन की योजनाओं, नैक मूल्यांकन, आई क्यू ए सी की भूमिका सामाजिक योगदान, मूल्य शिक्षा , एवं किसी शिक्षण संस्था द्वारा गुणवत्ता विकास के लिए किए जा सकने वाले प्रयासों को आपने विस्तारपूर्वक समझाया। *विद्यार्थी केंद्रित* शिक्षा को उन्होंने मुख्य आधार बतलाया । कार्यशाला की तीसरी कड़ी में *फीड -बैक सत्र* के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय उतई , जामगांव आर, रिसाली, रानीतराई, मचांदुर एवं शैलदेवी महाविद्यालय अंडा से पधारे प्राध्यापकों डॉ अमरीश त्रिपाठी, डॉ अरुणेंद्र तिवारी ने अपने विचार रखे। आयोजक महाविद्यालय के प्राध्यापक गण डॉ शोभा श्रीवास्तव, श्री बी एम साहू, डॉ आरके वर्मा एवं छात्रा कुमारी मेनका वर्मा ने फीडबैक दिया विषय विशेषज्ञ डॉ घनश्याम ने सभी के जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का संचालन श्री शैलेष मिश्र कार्यशाला समन्वयक एवं आभार प्रदर्शन डॉ साधना राहटगाँवकर प्रभारी आई क्यू ए सी ने किया। कार्यशाला में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं छात्र छात्राएं उपस्थित थे।
