Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

देवभोग खुटगा॑व चेक पोस्ट पर नशे की हालत में मिला चेक पोस्ट प्रभारी एसपी जेआर ठाकुर ने किया लाइन हाजिर

✍️जिला प्रमुख सैयद बरकत अली के साथ जिला संवाददाता विक्रम कुमार नागेश की रिपोर्ट गरियाबंद 

देवभोग-गरियाबंद, ओडिशा सीमा पर बने चेकपोस्ट का जब औचक निरीक्षण करने एसपी पहुंचे तो खुटगांव चेकपोस्ट में नशे में धुत्त मिला प्रभारी, लापरवाही के लिए शोकाज नोटिस थमा कर लाइन हाजिर किया गया।सीमा आरपार होने वाले हर संदिग्ध वाहनों की कड़ाई से जांच के दिये निर्देश।

एसपी जे आर ठाकुर आज देवभोग थाना क्षेत्र में ओडिशा के तीन जिलों के सीमा पर बने चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया।सबसे पहले कालाहांडी सीमा पर बने खुटगांव चेकपोस्ट पहुंचे तो वहां तैनात किए गए प्रभारी प्रधान आरक्षक कमलेश ध्रुव नशे की हालत में पाया गया। तस्करी के लिहाज से इस पोस्ट को काफी संवेदनशील माना गया है, ऐसे में ड्यूटी टाइम पर दिखी घोर लापरवाही से भड़के एसपी ने प्रभारी को लाइन अटैच कर शोकाज नोटिस थमा दिया है। उसके बाद एसपी बरही चेकपोस्ट पहुंचे।दोनों ही चेकपोस्ट पर हर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश दिया गया है । पोस्ट पर लगे कैमरों को समय-समय पर चेकिंग कर रिकार्डिंग मोड की जांच करते रहने थाना प्रभारी को निर्देश दिया है। थाना पहुंचकर पदस्थ समस्त स्टाफ से सीधे रूबरू होकर उनके कुशलता का भी एसपी ने संज्ञान लेकर संवेदनशील पुलिस कप्तान होने का फिर एक बार परिचय दिया। इस औचक निरीक्षण में एसडीपीओ अनुज गुप्ता भी एसपी के साथ थे।

पर्व और माहौल की सराहना किया

एसपी आज जब इलाके में पहुंचे तो आधा से ज्यादा स्टाफ पेट्रोलिंग पर थे। इलाके में गुरुवार को क्षेत्र का सबसे बड़ा पर्व नवाखाई शांति पूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।आज दूसरे दिन भी पर्व का माहौल नज़र आया।आज बासी पर्व के नाम पर शौकीन मांस मदिरा खाते है, होली की तरह माहौल रहता है। जिले के देवभोग के अलावा अमलीपदर, इंदाग़ांव थाने क्षेत्र में पर्व का असर रहता है। बड़े पर्व में शांति व्यवस्था बनी रही जिसकी सराहना एसपी ने की।पेट्रोलिंग पर तैनात सभी जवानों के प्रति भी हर्ष जताते हुए पुलिसिंग की तारीफ एसपी ने की।

अवैध गतिविधियों पर रहेगी नजर

ओडिशा का यह सीमा गांजा तस्करों के लिए कॉरिडोर का काम करता है। समय-समय पर कार्यवाही कर कॉरिडोर को तोड़ने में पुलिस कुछ हद तक सफल भी रही है। पर ओडिशा सीमा से लगे इस इलाके में कई एक नम्बर के व्यवसाय में भारी हेराफेरी होने की सूचना पुलिस तक पहुंच रही है।

एसपी ठाकुर ने कहा कि सीमा पर चेकिंग के निर्देश के अलावा ऐसे कारोबारियों की सूची भी तैयार किया जा रहा है, जो किसी न किसी तरह से सरकार को मिलने वाले राजस्व में चोरी के अलावा पीडीएस जैसे महत्वपूर्ण योजनाओं में हेराफेरी करते हैं। सीमावर्ती इलाके में बने चेक पोस्ट अन्य विभागों के लिए भी सहायक साबित होगा उसके लिए भरपूर प्रयास किए जाएंगे।

Exit mobile version