*➡️ शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान पर क्षेत्र में हर्ष, शुभचिंतकों ने दी बधाई*
*राजनांदगांव।*
मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण ज्ञानदीप पुरस्कार 2025 के लिए शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खपरीकला विकासखंड डोंगरगांव के शिक्षक श्री लक्ष्मीकांत शर्मा का चयन होने पर विद्यालय परिवार सहित क्षेत्र के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों में हर्ष का वातावरण है। उनके चयन पर शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
श्री लक्ष्मीकांत शर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट सेवाभाव, नवाचारपूर्ण शिक्षण कार्य, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा शिक्षा के प्रति समर्पण को देखते हुए इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किया गया है। उनके चयन को विद्यालय और ग्राम खपरीकला के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। शिक्षक के रूप में श्री शर्मा ने पारंपरिक शिक्षण पद्धति के साथ नवाचार को जोड़ते हुए विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयास किया है। श्री लक्ष्मीकांत शर्मा इससे पूर्व भी शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित हो चुके हैं। विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए किए गए उनके प्रयासों, नवाचारपूर्ण शिक्षण गतिविधियों और शिक्षा के प्रति निरंतर समर्पण को देखते हुए विधायक श्री दलेश्वर साहू द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान उनके निरंतर उत्कृष्ट कार्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान का प्रमाण माना जाता है। विद्यालय परिवार का कहना है कि श्री शर्मा का कार्य केवल कक्षा में अध्यापन तक सीमित नहीं रहा बल्कि वे विद्यार्थियों में सीखने की रुचि विकसित करने उनकी प्रतिभा को निखारने और उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहे हैं। यही कारण है कि उनके चयन से विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों में भी उत्साह का माहौल है। श्री लक्ष्मीकांत शर्मा के चयन पर प्रधान पाठक श्री रमेश चंद्र साहू, माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक श्री एस.एल. तारम, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक, संकुल समन्वयक श्री एस.एल. तिवारी, शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष श्रीमती माधुरी साहू, सरपंच श्रीमती माधुरी साहू, सेवानिवृत्त प्रधान पाठक श्री पी.एन. साहू तथा उपसरपंच श्री उज्ज्वल निर्मलकर सहित विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों ने उन्हें बधाई दी। सभी ने कहा कि श्री शर्मा का चयन शिक्षा जगत के लिए गौरव का विषय है। उनके कार्यों से अन्य शिक्षकों को भी नवाचार एवं बेहतर शिक्षण के लिए प्रेरणा मिलेगी। शुभचिंतकों ने विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी इसी तरह पूरी निष्ठा, कर्मठता और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के हित में कार्य करते रहेंगे। बधाई देने वालों ने कहा कि आज के समय में शिक्षा केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों और व्यावहारिक ज्ञान का विकास भी आवश्यक है। श्री लक्ष्मीकांत शर्मा द्वारा इसी सोच के साथ किए जा रहे प्रयास शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। सभी शुभचिंतकों ने उनके सम्मान को विद्यालय, ग्राम खपरीकला और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव बताते हुए कामना की कि वे भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, समर्पण एवं कर्मठता से शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करें और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहें।
राजनांदगांव से दीपक साहू की रिपोर्ट