*राजनांदगांव।* जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष नवाज खान ने अपने कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर विशेष चर्चा में कहा कि भूपेश सरकार के नेतृत्व में राजनांदगांव जिले में किसानों की बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और आगामी दिनों में भी किसानों को राज्य सरकार की योजनाओं से अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। श्री खान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस ने किसानों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए ऐलान किया था कि हमारी सरकार बनते ही 2500 रुपये क्विंटल में धान खरीदा जाएगा और किसानों की कर्ज माफी का ऐलान किया था, जिसे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार गठन के तत्काल बाद पूरा कर दिखाया। भूपेश सरकार प्रदेश के किसानों के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिससे किसान भाई लाभान्वित हो रहे हैं। नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी जैसी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से प्रदेश के गांवों की तस्वीर बदल रही है और इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के कारण ग्रामीणों में काफी हर्ष देखा जा रहा है।
श्री खान ने आगे बताया कि जिले के किसानों को धान बेचने के लिए हो रही परेशानियों को देखते हुए जिले में कई नए धान खरीदी केंद्र और उप केंद्र खोले गए, जिससे किसानों को धान बेचने के लिए ज्यादा दूर तक सफर करना ना पड़े। इससे किसानों में काफी हर्ष है। उन्होंने कहा कि रमन सरकार के जमाने में किसानों को अपना धान बेचने के लिए 15 से 20 किलोमीटर का सफर करना पड़ता था, किंतु अब 5 से 10 किलोमीटर की दूरी में ही किसान बड़ी आसानी से अपना धान बेच पा रहे हैं। इस वर्ष आगामी धान खरीदी के लिए जिले के जिन-जिन क्षेत्रों में किसानों को धान बेचने के लिए असुविधा हो रही है या दूरी ज्यादा है, उन जगहों में भी नए धान खरीदी केंद्र खोले जाएंगे।
*▶️ नवाज को 1 साल का कार्यकाल पूरा होने पर लगा बधाई देने वालों का तांता*
ज्ञात हो कि श्री खान के अध्यक्ष के रूप में एक साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर जिले भर के किसानों एवं ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस मौके पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव कार्यालय में किसानों ने पहुंचकर श्री खान का फूल मालाओं एवं गुलदस्ता भेंट कर भव्य स्वागत किया। इसके साथ ही उनके डोंगरगढ़ स्थित निवास में भी बड़ी संख्या में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के किसानों ने पहुंचकर उन्हें उनके एक साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर बधाइयां दी। साथ ही जिले के कई विकासखंडों में किसानों एवं ग्रामीणों द्वारा समारोह का आयोजन कर श्री खान का भव्य स्वागत सम्मान किया गया। श्री खान ने जिले भर के किसानों एवं ग्रामीणों से मिली बधाई एवं शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया है।
राजनांदगांव से दीपक साहू की रिपोर्ट