Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

जिले के अनाथ बच्चों को मिलेगी आर्थिक सहायता : प्रतिमाह 4 हजार रूपये का प्रावधान

गरियाबंद । मां-बाप खो चुके अनाथ बच्चों के लिये शासन की ओर से चार हजार रूपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता का प्रावधान है। यह राशि अनाथ बच्चों के पालन-पोषण से लेकर पढ़ाई लिखाई के काम में भी सहायक होती है। कलेक्टर प्रभात मलिक ने ऐसे बच्चों की जानकारी जिला प्रशासन के संज्ञान में लाने के निर्देश समय-सीमा की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिये। जिले में अभी तक 84 बच्चों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। योजना अंतर्गत अनाथ बच्चों और उनके आश्रितों के संयुक्त बैंक खाते में आर्थिक सहायता राशि 4 हजार रूपये का अंतरण प्रतिमाह किया जा रहा है। इस योजना अंतर्गत 18 वर्ष तक के अनाथ बच्चे जो किसी अपने रिश्तेदार या स्वयं ही गरीबी हालात में जीवनयापन कर रहे है, उनको आर्थिक सहायता का लाभ दिया जा रहा है। कलेक्टर मलिक ने सभी जनपद सीईओ और महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को अनाथ बच्चों की जानकारी संकलित कर उन्हें आर्थिक सहायता से लाभान्वित करने के निर्देश दिये।

Exit mobile version