गरियाबंद। वन्य प्राणियों के अवैध शिकारीयों , तस्करों पर लगातार कार्यवाही को लेकर इन दिनों जिला सुर्खियों में है। पिछले कुछ दिनों से जहां वन अमला ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार कार्यवाही कर वन्य प्राणियों के शिकारियों तस्करों पर कार्यवाही कर रहा है, वही आज शनिवार पुलिस टीम द्वारा भी एक तेंदुएं की खाल सहित चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
बताया जा रहा है कि छुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसमबुड़ा तिराहे पर आज तड़के पुलिस की स्पेशल टीम द्वारा तेंदुआ खाल सहित चार लोगों को उस वक्त पकड़ा गया ,जब वे उसे बेचने की फिराक में लेकर आ रहे थे। पुलिस को पहले ही मुखबिर से सूचना प्राप्त हो चुकी थी। कोसम बुड़ा तिराहे पर दो मोटरसाइकिल में सवार चारों आरोपियों ने पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल छोड़ भागने का असफल प्रयास किया, किन्तु पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी तस्कर पकड़े गये। आरोपियों के पास से एक सफेद पॉलीथिन में रखी हुई तेंदुएं की खाल जप्त की गई है।
चारों आरोपियों के नाम खूबेलाल पिता लालसिंह उम्र 30 वर्ष साकिन गोंदला बहरा थाना छुरा , नरोत्तम पिता घनश्याम साहू उम्र 33 वर्ष साकिन खुसरूपाली थाना बागबाहरा , कुमार सिंह पिता बनवा मांझी उम्र 45 वर्ष बोकरामुड़ा खुर्द थाना बागबाहरा , रोशन साहू पिता घनश्याम 31 वर्ष साकिन खुसरूपाली थाना बागबाहरा है।
