विश्व शिक्षक दिवस पर देश भर के 128 उत्कृष्ट शिक्षकों के साथ ऑनलाइन कार्यक्रम में सम्मानित हुईं।
गरियाबंद। विश्व शिक्षक दिवस 05 अक्टूबर 2026 के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के सम्मान में एक भव्य राष्ट्रीय ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस गरिमामय समारोह में देश के विभिन्न राज्यों के 128 चयनित शिक्षकों को ‘शिक्षा ज्योति सम्मान’ से विभूषित किया गया।
इस सम्मान क्रम में गरियाबंद जिले के छुरा ब्लॉक की शासकीय प्राथमिक विद्यालय ग्राम आसरा की कर्मठ एवं समर्पित शिक्षिका श्रीमती ओमेश्वरी साहू (राज्यपाल पुरस्कृत) को शिक्षा के क्षेत्र में उनके अभिनव प्रयोगों, नवाचारी शिक्षण विधियों एवं उत्कृष्ट शिक्षण योगदान के लिये इस प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया गया है।
इस सम्मान कार्यक्रम के मुख्य आयोजक ‘शिक्षा ज्योति’ की संस्थापक अर्चना शर्मा एवं अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार छत्तीसगढ़ के जनरल सेक्रेटरी डॉ.राघवेंद्र सिंह राठौर द्वारा संयुक्त रूप से ऑनलाइन मंच के माध्यम से चयनित शिक्षकों को सम्मान प्रदान किया गया।
आयोजकों ने प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुये कहा कि ओमेश्वरी साहू ने ग्रामीण अंचल में डिजिटल शिक्षण , गतिविधि शिक्षण एवं शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने और विद्यार्थियों में ज्ञान व संस्कारों के संचार के लिये जो अनुकरणीय कार्य किया है, वह अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायी है। उनके निरंतर समर्पण, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुये, आयोजकों ने उन्हें हार्दिक बधाई व मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।
शिक्षिका ओमेश्वरी साहू को सम्मानित किये जाने पर विद्यालय परिवार,क्षेत्र के शिक्षाविदों, सहकर्मियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने शुभकामना व्यक्त की है।
इस आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्यप्रदेश,उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, बिहार, राजस्थान,राज्यों के शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
