Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

गजपल्ला वाटरफॉल के रास्ते कीचड़ में फंसी सैलानियों की कार : डायल 112 ने की मदद

गरियाबंद। जिले के वाटरफॉल्स में सुरक्षा नियमों और शासन-प्रशासन की लगातार चेतावनी के बावजूद सैलानियों के द्वारा लगातार नियमों -सुरक्षा-सावधानियों की अनदेखी की जा रही हैं।

बीती रात गजपल्ला वाटरफॉल घूमने आये कुछ सैलानियों की कार वापसी के दौरान दल दल में फंस गई। रात्रि काल में जंगल के रास्ते कोई मदद नहीं मिलने पर, उन्होंने डायल 112 से संपर्क किया। मौके पुलिस टीम के आरक्षक धनेंद्र बंजारे और वाहन चालक भानुप्रताप ठाकुर की मदद से सैलानियों की कार को कीचड़ भरे रास्ते से बाहर निकाला गया।

विदित हो कि अभी पिछले ही सप्ताह इसी गजपल्ला वाटरफॉल में हुये हादसे में एक युवक की मौत हो चुकी है। पिछले रविवार अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे रायपुर के 17 वर्षीय युवक की वाटरफॉल में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई थी। एक वर्ष पूर्व भी इसी वाटरफॉल में एक युवती ने अपनी जान गंवाई है।

स्थानीय प्रशासन के द्वारा लगातार शाम या रात्रि काल में वाटरफॉल में नही जाने की चेतावनी जारी की गई है, इसके बावजूद बाहर से पहुंचे सैलानी सुरक्षा सावधानी का उल्लंघन करते हैं, जिसकी परिणीति गंभीर दुर्घटना के रूप में सामने आती है।

Exit mobile version