*➡️ सड़क पर बेसहारा गायों को लेकर प्रशासन से व्यवस्था की मांग*
*राजनांदगांव।*
कन्हारपुरी व लखोली मार्ग पर शाम होते ही बड़ी संख्या में गायों के सड़क पर बैठने और घूमने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सड़क पर मवेशियों के जमावड़े के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति से कभी भी गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं कांग्रेस के युवा नेता वीरेंद्र चंद्राकर ने इस समस्या को लेकर नगर निगम और प्रशासन से तत्काल ठोस पहल करने की मांग की है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि शाम के समय कन्हारपुरी व लखोली रोड का नजारा किसी गौशाला से कम नहीं लगता। बड़ी संख्या में गायें सड़क पर घूमती और बैठी रहती हैं जिसके चलते वाहन चालकों को काफी सावधानी से आवागमन करना पड़ता है। खासकर रात के समय सड़क पर बैठे मवेशी दिखाई नहीं देने के कारण दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि गायों की सुरक्षा के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। प्रशासन को सड़कों पर घूमने वाली गायों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित गौशाला अथवा आश्रय की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान मिल सके और यातायात भी सुचारू रूप से संचालित हो सके। श्री चंद्राकर ने महापौर मधुसूदन यादव से आग्रह करते हुए कहा कि जिस तरह कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर शराबबंदी के संबंध में पहल की गई थी उसी तरह सड़कों पर बेसहारा घूम रही गायों के लिए भी स्थायी समाधान की दिशा में पहल की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल समस्या पर चिंता जताने के बजाय उसके स्थायी समाधान के लिए व्यवस्था बनाना आवश्यक है। श्री चंद्राकर ने भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि गाय को वास्तव में माता माना जाता है तो फिर उन्हें सड़कों पर बेसहारा क्यों छोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि गायों के प्रति सम्मान केवल राजनीतिक बयानों या चुनावी समय तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि उनकी सुरक्षा और संरक्षण के लिए जमीन पर ठोस काम भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर मवेशियों की समस्या किसी एक राजनीतिक दल या व्यक्ति का मुद्दा नहीं बल्कि शहर की सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। प्रशासन, नगर निगम और जनप्रतिनिधियों को मिलकर ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए जिससे गायों को सुरक्षित आश्रय मिले और नागरिकों को भी सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। श्री चंद्राकर ने मांग की कि कन्हारपुरी व लखोली मार्ग सहित शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर घूमने वाले मवेशियों को सुरक्षित रूप से गौशाला पहुंचाने की व्यवस्था की जाए और इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।
राजनांदगांव से दीपक साहू की रिपोर्ट