Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

एसआईआर 2027 : मतदाता सूची में नाम छूटने न पाये, बीएलओ को सख्त निर्देश

घर-घर पहुंचकर होगा मतदाताओं का सत्यापन, कलेक्टर ने प्रशिक्षण का किया निरीक्षण, लापरवाही पर दी हिदायत

गरियाबंद। लोकतंत्र में मतदान का अधिकार तभी सार्थक है, जब मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज हो। इसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को लेकर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2027 के तहत विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 55 बिन्द्रानवागढ़ में मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई है। बुधवार को गरियाबंद तहसील में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को इस कार्य के लिये विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण का कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा ने निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी लेते हुये स्पष्ट निर्देश दिये कि मतदाता सूची तैयार करने का काम महज औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद से जुड़ी जिम्मेदारी है। इसलिये प्रत्येक मतदाता की जानकारी का सत्यापन पूरी सावधानी और गंभीरता के साथ किया जाये।

कलेक्टर शर्मा ने कहा कि घर-घर सर्वेक्षण एवं गणना के दौरान यह सुनिश्चित किया जाये कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाताओं की जानकारी का परीक्षण करें तथा पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिये।

उन्होंने बीएलओ को मतदाताओं के साथ बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करने की भी हिदायत दी, ताकि नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके।

प्रशिक्षण के दौरान एसआईआर की प्रक्रिया, बीएलओ की जिम्मेदारियों, घर-घर सर्वेक्षण तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान अपनाई जाने वाली कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर एसडीएम हितेश्वरी बाघे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version