“नि: शुल्क नवोदय कोचिंग रानीतराई में सोमवार 13 दिसम्बर से”:-
विदित हो कि देश में सीबीएसई पाठ्यक्रम अंतर्गत शिक्षा के सबसे अच्छे परिणाम देने वाले शैक्षिक संस्थानों में जवाहर नवोदय विद्यालय समूहों के विद्यालयों ने अपनी श्रेष्ठता साबित किया है। जहां प्रतिभावान ग्रामीण-शहरी क्षेत्र व सभी वर्गों के बच्चे अपने प्रतिभा के बल पर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर प्रवेश लेते हैं, जहां शिक्षा-दीक्षा की इच्छा सभी पालकों की होती हैं।
नवोदय प्रवेश परीक्षा 2022 में कक्षा छठवीं हेतु वर्तमान में पांचवीं कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थियों पात्र हैं तथा आनलाईन आवेदन जमा करने की तिथि पूर्व में 30नवम्बर था। जिसमें वृद्धि करते हुए आगामी 15दिसम्बर तक बढ़ा दिए हैं। तथा परीक्षा 30 अप्रैल 2022को होंगे।
रानीतराई क्षेत्र के नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे बच्चों को उचित मार्गदर्शन अवसर उपलब्ध कराने व शिक्षा में बेहतरी के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी आर जगदल्ले एवं बीआरसी खिलावन चोपड़िया के मंशानुरूप पालकों की सहमति एवं जिम्मेदारी के आधार पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीतराई में सोमवार 13दिसम्बर से प्रत्येक दिवस दोपहर 3बजे से शाम 4 बजे तक कोविड सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उत्कृष्ट शिक्षकों के मार्गदर्शन में अवसर उपलब्ध कराने की जानकारी शिक्षादूत राजेन्द्र मारकण्डे ने दी है।
बता दें कि पूर्व में रानीतराई क्षेत्र के असोगा, रानीतराई,औसर,रेंगाकठेरा,खर्रा,व कौही सहित आसपास के बच्चों का चयन असोगा निवासी अवध देवांगन गुरूजी व स्थानीय शिक्षकों के मार्गदर्शन में जवाहर नवोदय विद्यालय बोरई के लिए लगातार हुए हैं ।लेकिन कुछ समय से पाटन तहसील क्षेत्र से अन्य तहसील के मुकाबले कम बच्चों का चयन होना तहसील पाटन के शिक्षा स्तर पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है व मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र होने के कारण बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा भी रहता है। ऐसे समय में उत्कृष्ट शिक्षकों के समूह द्वारा इस तरह का आयोजन रानीतराई क्षेत्र के बच्चों व पालकों के लिए सुनहरा अवसर है।
विदित हो कि पाटन में विगत सोमवार 6 दिसम्बर से विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी आर जगदल्ले के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट शिक्षकों द्वारा नि: शुल्क नवोदय कोचिंग क्लास का शुभारंभ हुआ है, जिसमें पाटन के आसपास से बड़ी संख्या में बच्चे लाभ ले रहे हैं,जिसे देखते हुए पाटन तहसील क्षेत्र के अन्य हिस्सों से भी पालकों द्वारा अपने बच्चों को उचित मार्गदर्शन हेतु इस सुअवसर की अपेक्षा अधिकारी व शिक्षकों से किया जा रहा है।
इस परिप्रेक्ष्य में शुक्रवार 10नवम्बर को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीतराई में संकुल स्तरीय बैठक में प्राचार्य एवं संकुल प्रभारी ललित ठाकुर, संकुल समन्वयक संजय खिलाड़ी, प्रधानपाठक संतोष महिलांगे, ब्रम्हाणी झा, राजेन्द्र मारकण्डे,रेखराज साहू,शशीकला वर्मा ने पालकों की जिम्मेदारी एवं सहमति से नि: शुल्क नवोदय कोचिंग क्लास, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीतराई में सोमवार 13 दिसम्बर से शुरू करने का निर्णय लिया।
इस हेतु आसपास के सभी प्राथमिक विद्यालयों में पालक सहमति पत्र जारी किया जाएगा तथा जिन बच्चों के पालक की सहमति प्राप्त होंगे केवल उनके ही बच्चों को कोचिंग क्लास में शामिल किया जाएगा।
